सेंसेक्स 899, निफ्टी 285 अंक ऊपर आया मुंबई (ईएमएस) । भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को बढ़त पर बंद हुआ। बाजार में ये तेजी दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी रहने से आई है। दिन भर के कारोबर के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 899.71 अंक बढ़कर 80,015.90 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 285.40 अंक उछलकर 24,765.90 पर बंद हुआ। बाजार में तेजी डिफेंस शेयरों के कारण आई है। सूचकांकों में निफ्टी इंडिया डिफेंस 2.55 फीसदी बढ़ है जबकि निफ्टी मेटल 2.29 फीसदी), निफ्टी पीएसई 2.22 फीसदी, निफ्टी इन्फ्रा 2.21 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 2.10 फीसदी, निफ्टी कमोडिटीज 2.05 फीसदी और निफ्टी एनर्जी 1.92 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। केवल निफ्टी आईटी इंडेक्स ही 0.59 फीसदी टूटकर बंद हुआ। लार्जकैप के साथ ही आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 867.40 फीसदी की तेजी के साथ 57,792.55 और निफ्टी स्मॉलकैप 257.30 अंक बढ़कर 16,538.80 पर था। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी, एनटीपीसी, बीईएल, इंडिगो, एमएंडएम, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल सबसे अधिक लाभ वाले शेयर थे। वहीं टेक महिंद्रा, एचसीएल , एचयूएल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, टीसीएस, आईटीसी और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। बाजार जानकारों के अनुसार शेयर बाजार में तेजी निचले स्तरों पर निवेशकों की खरीदारी से आई है। निवेशकों ने मेटल, सरकारी शेयरों और इन्फ्रा से जुड़े शेयरों में काफी खरीदारी की है। इसके अलावा, वैश्विक बाजारों में तेजी के कारण भी घरेलू बाजार उछला है। इससे पहले आज सुबह एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के बीच बाजार की बढ़त के साथ शुरुआत हुई। बाजार को हैवीवेट शेयरों में आई खरीदारी से समर्थन मिला। सुबह सेंसेक्स 79,530 अंक पर खुला। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 79,116 अंक पर बंद हुआ था। । इसी तरह निफ्टी भी बढ़त के साथ खुला। निफ्टी-50 24,615 अंक के स्तर पर खुला और सुबह की शुरुआत के बाद यह 76.75 अंक की बढ़त के साथ 24,572 अंक पर कारोबार कर रहा था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार एशियाई बाजारों की मजबूती और चुनिंदा बड़े शेयरों में खरीदारी ने बाजार की शुरुआत को सकारात्मक बनाया। हालांकि, निवेशकों की नजर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी बनी हुई है। खासकर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता पैदा की है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी बाजार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ईएमएस 05 मार्च 2026