राज्य
05-Mar-2026


मुरादाबाद (ईएमएस)। यूपी के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस के नया गांव नवीन नगर निवासी विनोद उर्फ विक्की इलेक्ट्रिशियन था। उसकी शादी हरथला निवासी ममता से लगभग नौ साल पहले हुई थी। दंपती के कोई बच्चा नहीं था। जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव था। होली के दिन विनोद अपनी पत्नी ममता को मायके चलने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम आपसी विवाद के दौरान पति विनोद ने पत्नी ममता पर चाकू से कई वार किए। इससे ममता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद विनोद ने स्वयं को भी चाकू मार लिया जिससे उसकी भी मौत हो गई। मझोला के सोनकपुर ओवर ब्रिज के नीचे दोनों के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। संतान न होने का तनाव ही विवाद की मुख्य वजह बताया जा रहा है। जितेन्द्र 05 मार्च 2026