:: गोवर्धन गौशाला में भव्य कलश यात्रा के साथ भागवत ज्ञान यज्ञ प्रारंभ; कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया व्यास पीठ का पूजन :: इंदौर (ईएमएस)। मालव माटी के प्रखर संत पंडित कमल किशोर नागर के मुखारविंद से गोम्मटगिरी की तलहटी स्थित गोवर्धन गौशाला परिसर में श्रीमद् भागवत कथा का मंगलमय शुभारंभ हुआ। कदम वाटिका के रूप में सजे भव्य पंडाल में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच संत श्री नागर जी ने जीवन के गूढ़ रहस्यों को सरल भाषा में समझाते हुए भक्ति की रसधार प्रवाहित की। कथा के प्रथम दिन उमड़े जनसैलाब ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। व्यास पीठ से कथा का मर्म साझा करते हुए संत नागर जी ने कहा कि भागवत कथा केवल श्रवण मात्र नहीं, बल्कि जीवन का प्रमाणित सत्य है। उन्होंने मार्मिक संदेश देते हुए कहा, जीवन में हम जिस परम तत्व (ईश्वर) की प्राप्ति का लक्ष्य रखते हैं, मार्ग में मिलने वाले सांसारिक तत्व हमें वहां तक पहुंचने ही नहीं देते। अक्सर पारिवारिक मोह और अपने कर्तव्यों को लेकर पाल लिया गया भ्रम ही इंसान को उसके आध्यात्मिक पथ से विचलित कर देता है। भागवत हमें इसी भटकाव से निकालकर सही मार्ग पर चलना सिखाती है। :: कलश यात्रा में दिखा भक्ति का अनूठा संगम :: कथा के शुभारंभ पर राधा-कृष्ण मंदिर से एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच निकली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाएं और भजनों पर झूमते भक्तों का हुजूम देखते ही बनता था। गौशाला मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा पोथी पूजन के पश्चात मुख्य कथा स्थल कदम वाटिका पहुँची, जहाँ व्यास पीठ की स्थापना की गई। :: कैबिनेट मंत्री ने लिया आशीर्वाद, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ :: आयोजन के दौरान गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन किया और संत नागर जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मेजबान परिवार के सदस्यों ने महाआरती की। कथा में इंदौर शहर के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। आगामी 10 मार्च तक चलने वाले इस ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक कथा का वाचन होगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महेंद्र पटेल, यशवंत पटेल, संतोष नीमचा, विनोद सोलंकी, सरदार सिंह सोलंकी, लखन पटेल, ज्ञान सिंह पटेल और राधेश्याम पटेल सहित बड़ी संख्या में सेवादार और श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रकाश/5 मार्च 2026