राज्य
05-Mar-2026
...


:: विधायक महेंद्र हार्डिया ने विधानसभा में उठाया मुद्दा, पार्षद संगीता जोशी ने निगम अधिकारियों की निष्क्रियता पर जताई नाराजगी :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की तेजी से विकसित हो रही पॉश कॉलोनियों - तुलसी नगर, महालक्ष्मी नगर, साईं कृपा और राधिका पैलेस में अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों ने रहवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। बिना स्वीकृत नक्शे के धड़ल्ले से बन रहे अवैध हॉस्टल और होटलों के कारण न केवल क्षेत्र की सड़कें संकरी हो रही हैं, बल्कि पार्किंग और ड्रेनेज जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी चरमरा गई हैं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्रीय रहवासियों का आरोप है कि तुलसी नगर सहित आसपास की कॉलोनियों में नगर निगम के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सीलिंग प्लॉट्स के वैधकरण की प्रक्रिया लंबित होने के बावजूद बड़ी संख्या में बिना अनुमति के हॉस्टल और होटल तान दिए गए हैं। कई भवन स्वामियों ने पूरे प्लॉट पर निर्माण कर लिया है और सड़कों पर रैंप बनाकर अवैध अतिक्रमण कर लिया है। इससे सड़कों की चौड़ाई कागज पर तो ठीक है, लेकिन धरातल पर आधी रह गई है। :: सड़कों पर कब्जा, राहगीर परेशान :: अवैध रूप से संचालित इन हॉस्टलों और होटलों में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। यहाँ आने वाले वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा किया जाता है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। रहवासियों का कहना है कि तुलसी नगर के लगभग आधे हिस्से में आज भी समुचित सड़कें विकसित नहीं हो पाई हैं, जबकि नगर निगम के वर्तमान कार्यकाल को समाप्त होने में अब केवल डेढ़ वर्ष ही शेष है। :: विधानसभा में गूँजा मुद्दा, पार्षद ने भी दी चेतावनी :: क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने इस विषय को अत्यंत गंभीर बताते हुए विधानसभा में भी अवैध निर्माणों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस दिशा में सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्रवाई करने की आवश्यकता है, अन्यथा आने वाले समय में स्थिति बेकाबू हो जाएगी। वहीं, स्थानीय पार्षद संगीता महेश जोशी ने नगर निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। अवैध हॉस्टलों के कारण आवासीय क्षेत्रों की शांति भंग हो रही है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ रही हैं। :: रहवासियों की मांग : तत्काल हो सर्वे और ध्वस्तीकरण :: जनप्रतिनिधियों और रहवासियों ने संयुक्त रूप से नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि तत्काल क्षेत्र का सर्वे कराया जाए। बिना अनुमति संचालित हो रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया जाए और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि क्षेत्र की बुनियादी व्यवस्थाओं को बचाया जा सके। प्रकाश/5 मार्च 2026