क्षेत्रीय
05-Mar-2026
...


लखनऊ (ईएमएस)। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया इलाके में होली का त्योहार खूनी संघर्ष बन गया। बुधवार शाम करीब पांच बजे सड़क पर मामूली गाली-गलौज ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि पड़ोस में रहने वाले मोहित तिवारी, उसकी बहन शिवानी और मां रंजना ने मिलकर सूरज गौतम की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक पिता राजेंद्र गौतम को बचाने दौड़ा था, लेकिन तीनों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के अनुसार, राजेंद्र गौतम घर के सामने सड़क पर पड़ोसी निशु से बात कर रहे थे। तभी मोहित तिवारी मोटरसाइकिल पर आया और अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। राजेंद्र ने मना किया तो मोहित हाथापाई करने लगा। शोर सुनकर मोहित की मां रंजना और बहन शिवानी भी पहुंच गईं। तीनों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव में राजेंद्र का बेटा सूरज गौतम दौड़कर आया। आरोप है कि शिवानी घर से चाकू लेकर आई और सूरज के पेट व शरीर पर कई बार वार कर दिए। मोहित और मां रंजना ने भी हमला किया। सूरज लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी बहन शिवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मोहित और मां रंजना पर भी कार्रवाई जारी है। जितेन्द्र 05 मार्च 2026