- बच्चा चोर की अफवाह फैलाकर नाबालिग से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के थाना बिछिया अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा में दिनांक 26.02.2026 को एक अज्ञात नाबालिग बालक को कुछ ग्रामीणों द्वारा बच्चा चोर होने के संदेह में पकड़कर उसके साथ मारपीट की गई। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आने पर पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बिछिया श्री रंजीत सिंह सैयाम को तत्काल मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी बिछिया तथा पुलिस स्टाफ द्वारा वीडियो एवं घटनास्थल की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान कराई गई, जिसमें पाया गया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा नाबालिग बालक को बच्चा चोर समझकर बंधक बनाया गया तथा उसके साथ मारपीट की गई। साक्ष्यों के आधार पर थाना बिछिया में प्रकरण पंजीबद्ध कर तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 1=रामदयाल पिता गौथर उईके, उम्र 48 वर्ष, 2=मंदन उईके (पोचा) पिता लालमन उईके, उम्र 45 वर्ष, 3=कमल सिंह उईके पिता मनोहर सिंह उईके, उम्र 54 वर्ष, सभी निवासी ग्राम बरखेड़ा, थाना बिछिया, जिला मंडला। पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि बच्चा चोर जैसी अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही ऐसी अफवाहें फैलाएं। किसी भी अज्ञात व्यक्ति के संबंध में संदेह होने की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें, बल्कि तत्काल पुलिस को Dial 112 अथवा पुलिस थाने पर सूचना दें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके। ईएमएस / 3/05/2026