मेरठ (ईएमएस)। यूपी के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक भतीजे ने अपनी सगी चाची को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9ः30 बजे घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी शिवा अचानक कमरे में पहुंचा और अपनी चाची पूजा त्यागी (32) की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से पूजा गंभीर रूप से घायल होकर फर्श पर गिर गईं और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मृतका के पति धर्मेंद्र त्यागी बेडरूम में पहुंचे तो पत्नी लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। वहीं आरोपी शिवा हाथ में तमंचा लेकर मौके से भागता हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने पूजा को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे मवाना थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी चाची से अक्सर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था। करीब आठ महीने पहले उसकी मां की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसी गुस्से में उसने यह कदम उठा लिया। जितेन्द्र 05 मार्च 2026