:: प्रो. आनंद कुमार को मिली राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान; दिल्ली कार्यकारिणी शिविर में हुआ नए नेतृत्व का गठन :: इंदौर (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को विस्तार देने और विचारधारा के प्रचार-प्रसार हेतु दिल्ली में संपन्न हुए समाजवादी समागम के राष्ट्रीय कार्यकारिणी शिविर में महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की गई हैं। इस उच्च स्तरीय बैठक में इंदौर के वरिष्ठ सपा नेता रामबाबू अग्रवाल को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है, जबकि प्रो. आनंद कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल ठाकुर ने नियुक्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में युवा नेतृत्व और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है। कार्यकारिणी में असम से अभिनव बोरबोरा, उत्तराखंड से जसपाल दुग्गल, कर्नाटक से अली बाबा, केरल से रेजिनर्क, महाराष्ट्र से संजय मंगला गोपाल तथा ओडिशा से प्रफुल्ल सामंतरा जैसे सक्रिय नेताओं को जोड़ा गया है। हैदराबाद के पूर्व न्यायाधीश गोपाल जी. के साथ इंदौर के रामबाबू अग्रवाल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने से दक्षिण और मध्य भारत में समाजवादी समागम के विस्तार को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद है। शिविर में चंद्रशेखर जी. जन्म शताब्दी से जुड़े प्रो. राजकुमार जैन को संगठन का संयोजक नियुक्त किया गया है। संगठन का मुख्य लक्ष्य अपने आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से विचार प्रवाह को तेज करना और नए नेतृत्व का निर्माण करना है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद इंदौर लौटे रामबाबू अग्रवाल ने कहा कि अब नए साथियों को जोड़कर, पूरे उत्साह के साथ समाजवादी विचारधारा के प्रभाव को जन-जन तक पहुँचाने में हम अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करेंगे। प्रकाश/5 मार्च २०२६ संलग्न चित्र : राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. आनंद कुमार एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामबाबू अग्रवाल।