:: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना : 29 मार्च को इंदौर से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन, 279 यात्रियों को मिलेगा लाभ :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले के बुजुर्गों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत कामाख्या देवी के दर्शन का सुनहरा अवसर आया है। शासन द्वारा चयनित बुजुर्गों को प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कामाख्या देवी की नि:शुल्क यात्रा कराई जाएगी, जिसका संपूर्ण व्यय राज्य सरकार वहन करेगी। इस यात्रा के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक पात्र बुजुर्ग 16 मार्च तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीर्थ यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन 29 मार्च, रविवार को इंदौर से कामाख्या देवी के लिए प्रस्थान करेगी और यह यात्रा 03 अप्रैल को संपन्न होगी। इस विशेष यात्रा का लाभ इंदौर जिले के कुल 279 बुजुर्गों को प्राप्त होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के लिए आवेदन नगर निगम क्षेत्र के जोनल कार्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित जनपद पंचायत या नगरीय निकाय कार्यालयों में दिए जा सकते हैं। :: पात्रता की शर्तें और नियम :: तीर्थ यात्रा का लाभ लेने के लिए कुछ अनिवार्य शर्तें तय की गई हैं: - आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। - आयु 60 वर्ष से अधिक होनी अनिवार्य है। - आवेदक आयकरदाता न हो। - लाभार्थी ने पूर्व में इस योजना के तहत किसी भी तीर्थ यात्रा का लाभ न लिया हो। यात्रा के दौरान बुजुर्गों के रहने, खाने और दर्शन की समुचित व्यवस्था शासन द्वारा की जाएगी। प्रशासन ने पात्र बुजुर्गों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन प्रस्तुत करें ताकि चयन प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। प्रकाश/5 मार्च 2026