राज्य
05-Mar-2026


अलीगढ़(ईएमएस)। यूपी के अलीगढ़ में होली के दिन रंग खेलने को लेकर बवाल हो गया। पडिय़ावाल गांव में दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। फिर देखते ही देखते हालात बिगड़ गए। मारपीट होने लगी। एक पक्ष के युवक ने छत पर चढक़र अंधाधुंध फायरिंग कर दी। कुछ लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। नाराज ग्रामीणों ने आरोपी का घर घेर लिया। पथराव करने लगे। गेट तोडक़र अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। घर को घेरकर लोगों को दूर करने लगी। इससे नाराज लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। दरोगा का सिर फट गया। मौके पर और पुलिस फोर्स बुलाई गई। बल-प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। फिर फायरिंग करने वाले युवक को पकड़ा। इसके आलावा, 12 उपद्रवियों को भी हिरासत में लिया। फिलहाल इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। घटना बुधवार को मडराक थाना क्षेत्र की है। विनोद उपाध्याय / 05 मार्च, 2026