मनोरंजन
06-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। एक महिला की शिकायत पर मलयालम फिल्म मंजुम्मेल बॉयज के निर्देशक चिदंबरम के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हो गया है। उभरते फिल्मकारों में गिने जाने वाले चिदंबरम पर लगे आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। केरल के एर्नाकुलम टाउन साउथ पुलिस स्टेशन ने पुष्टि की कि निर्देशक के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, यह शिकायत फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक महिला ने दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2022 में कोच्चि के एक अपार्टमेंट में चिदंबरम ने उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया था। शिकायत में सेक्शुअल और मेंटल हैरसमेंट दोनों का आरोप लगाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर निर्देशक से पूछताछ भी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल, निर्देशक की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के मुद्दे पर लगातार बहस चल रही है। पिछले कुछ वर्षों में कई कलाकारों, तकनीशियनों और स्टाफ ने अपने अनुभव साझा किए हैं, जिनसे इंडस्ट्री में जवाबदेही की मांग और तेज हुई है। ऐसे माहौल में चिदंबरम के खिलाफ लगे आरोपों ने इंडस्ट्री में चिंता और असहजता दोनों बढ़ा दी हैं। चिदंबरम के करियर की बात करें तो उन्होंने फिल्मों में शुरुआत बतौर लेखक और सहायक निर्देशक के रूप में की थी। अपनी अलग सिनेमाई भाषा और रियलिस्टिक कहानी कहने की शैली के चलते वे इंडस्ट्री में तेजी से पहचाने जाने लगे। उनकी फिल्म जान-ए-मन ने उन्हें शुरुआती पहचान दिलाई, जबकि ‘मंजुम्मेल बॉयज’ ने उन्हें मुख्यधारा के सफल फिल्मकारों की सूची में जगह दिला दी। अब जब उनकी लोकप्रियता चरम पर थी, ऐसे गंभीर आरोपों ने उनके करियर पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 75 के तहत केस दर्ज किया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। सुदामा/ईएमएस 06 मार्च 2026