मुंबई (ईएमएस)। अपनी डेब्यू फिल्म सैयारा से साल 2025 में बॉलीवुड के उभरते अभिनेता अहान पांडे ने धमाकेदार पहचान बनाई थी। इस सफलता के पीछे एक ऐसा दर्द था, जिसे अब अहान ने पहली बार साझा किया है। एक्टर ने खुलासा किया कि फिल्म रिलीज होने के तुरंत बाद उन्हें जिंदगी की सबसे तकलीफदेह सर्जरी से गुजरना पड़ा, जिसने उन्हें महीनों तक सामान्य जीवन से दूर रखा। अहान ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें पिछले साल एक बड़ी सर्जरी करानी पड़ी, जो बेहद दर्दनाक रही। उन्होंने कहा कि उनका शरीर इतनी परेशानी से गुजरा कि लंबे समय तक वे न तो सामान्य तौर पर चल-फिर पा रहे थे और न ही वजन उठा पा रहे थे। यह स्थिति उनके लिए शारीरिक और मानसिक, दोनों स्तर पर चुनौती बन गई। कुछ साल पहले हुए एक स्नोमोबाइल हादसे का असर उनके कंधे पर गंभीर रूप से पड़ा था। चोट इतनी गहरी थी कि समय के साथ यह बढ़ती ही चली गई और जिम में वर्कआउट करना उनके लिए लगभग असंभव हो गया। आखिरकार उन्होंने सर्जरी का निर्णय लिया, हालांकि डॉक्टर ने उन्हें पहले ही चेतावनी दे दी थी कि ऑपरेशन के बाद उनका शरीर पहले जैसा नहीं रह पाएगा और फिल्मों के लिए जरूरी फिजिक हासिल करना उनके लिए बेहद मुश्किल होगा। अहान के मुताबिक, वह हमेशा उन एक्टर्स से प्रेरणा लेते रहे हैं जो जिम में जाकर अपनी बॉडी में जबरदस्त बदलाव लाने में सफल होते हैं। लेकिन उनका मामला बिल्कुल अलग था—वे अनहेल्दी शरीर नहीं, बल्कि एक गंभीर चोट से जूझ रहे थे। उन्होंने बताया कि पहले चलना-फिरना भी मुश्किल था, फिर वे वजन नहीं उठा पाते थे, और अंत में महीनों की मेहनत के बाद वे फिर से वेटलिफ्टिंग करने की स्थिति में आए। सर्जरी के बाद वे लंबे समय तक हाथ पर प्लास्टर बांधे रहे, लेकिन उन्होंने इसे सार्वजनिक नहीं होने दिया। अपने दर्द को छुपाकर उन्होंने खुद को दोबारा खड़ा किया और अब वापस अपने फिटनेस रूटीन में लौट आए हैं। अहान पांडे की कहानी सिर्फ एक अभिनेता की सफलता का किस्सा नहीं है, बल्कि यह उन कठिन रास्तों की भी दास्तान है, जिन्हें वे पर्दे के पीछे चुपचाप पार करते हैं। ‘सैयारा’ की सफलता के बाद आज अहान का नाम तेजी से ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इस सफर में उनकी जिद, जुझारूपन और संघर्ष सबसे ज्यादा चमकते हुए नजर आते हैं। बता दें कि मोहित सूरी के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली लव स्टोरी फिल्म बन गई। सुदामा/ईएमएस 06 मार्च 2026