- सेंसेक्स 350 अंक गिरकर खुला, निफ्टी 24650 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। एक दिन पहले आई हल्की रिकवरी के बाद निवेशकों में सतर्कता देखने को मिली और शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया। खासकर प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में कमजोरी ने बाजार की चाल को प्रभावित किया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार सुबह गिरावट के साथ 79,658 अंक पर खुला। इससे पहले गुरुवार को यह 80,015 अंक पर बंद हुआ था। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद गिरावट और बढ़ गई। सुबह करीब 9:20 बजे सेंसेक्स 554.50 अंक की गिरावट के साथ 79,461.40 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया। इसी तरह निफ्टी 50 भी कमजोरी के साथ 24,656 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में निफ्टी पर भी दबाव बना रहा। फिलहाल यह 176.40 अंक गिरकर 24,589.50 अंक पर ट्रेड कर रहा था। विश्लेषकों के अनुसार बाजार में गिरावट की प्रमुख वजह वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत और बैंकिंग शेयरों में आई बिकवाली रही। खास तौर पर आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े प्राइवेट बैंकों के शेयरों में गिरावट का असर प्रमुख सूचकांकों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। इन कंपनियों का इंडेक्स में अधिक वेटेज होने के कारण इनके शेयरों में गिरावट से पूरे बाजार पर दबाव बढ़ गया। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल निवेशक वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और विदेशी बाजारों की चाल पर नजर बनाए हुए हैं। ऐसे में अल्पावधि में बाजार में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, दीर्घकालिक निवेशकों के लिए बाजार की गिरावट को अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है। सतीश मोरे/06मार्च ---