- सोना 1,360 रुपए तेज, चांदी में 4,982 रुपए की बढ़ोतरी नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। दोनों की कीमतें तेजी के साथ खुलीं और कारोबार के दौरान भी बढ़त के साथ ट्रेड करती रहीं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 1,367 रुपये की तेजी के साथ 1,61,040 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,59,673 रुपये पर बंद हुआ था। इस समय सोना लगभग 1,360 रुपये की तेजी के साथ 1,61,033 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,61,250 रुपये का दिन का उच्च स्तर और 1,60,893 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल अब तक सोने के वायदा भाव 1,80,779 रुपये के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुके हैं। वहीं चांदी के वायदा भाव में भी मजबूत तेजी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मई कॉन्ट्रैक्ट 5,759 रुपये की तेजी के साथ 2,67,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,62,191 रुपये था। इस समय यह करीब 4,982 रुपये की तेजी के साथ 2,67,173 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान चांदी ने 2,68,991 रुपये का दिन का उच्च स्तर छुआ, जबकि निचला स्तर 2,67,173 रुपये रहा। इस साल चांदी के वायदा भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। कॉमेक्स पर सोना 5,099.70 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने के समय 62.70 डॉलर की तेजी के साथ 5,141.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 82.55 डॉलर प्रति औंस पर खुली और बाद में 84.61 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई। सतीश मोरे/06मार्च ---