कैलिफोर्निया,(ईएमएस)। पॉप आइकॉन और हॉलीवुड की चर्चित गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिर गई हैं। कैलिफोर्निया के वेंचुरा काउंटी में पुलिस ने उन्हें ‘ड्राइविंग अंडर द इन्फ्लुएंस’यानी नशे की हालत में गाड़ी चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया है। यह घटना बुधवार रात की है, जब सड़क पर संदिग्ध तरीके से गाड़ी चलाते वक्त पुलिस की नजर उन पर पड़ी और उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया। वेंचुरा काउंटी शेरिफ कार्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक, ब्रिटनी को रात करीब 9:28 बजे पकड़ा गया था। कागजी कार्रवाई और शुरुआती पूछताछ के बाद उन्हें सुबह करीब 6:07 बजे रिहा कर दिया गया, लेकिन अब इस मामले में उन्हें आगामी 4 मई को अदालत के समक्ष पेश होना होगा। ब्रिटनी स्पीयर्स का जीवन लंबे समय से विवादों और कानूनी लड़ाइयों का केंद्र रहा है। साल 2021 में वह तब वैश्विक सुर्खियों में आई थीं, जब अदालत ने उनके 13 साल पुराने ‘कंजर्वेटरशिप’ (संरक्षण) को खत्म करने का ऐतिहासिक फैसला सुनाया था। इस लंबी अवधि के दौरान उनके पिता जेमी स्पीयर्स उनके निजी जीवन और करोड़ों डॉलर की संपत्ति को पूरी तरह नियंत्रित कर रहे थे। इस कानूनी बंधन से आजादी मिलने के बाद ब्रिटनी ने अपनी जिंदगी को नए सिरे से शुरू करने की कोशिश की और सैम असगरी के साथ विवाह बंधन में बंधीं। हालांकि, यह रिश्ता भी सफल नहीं रहा और हाल ही में दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया। इन तमाम उतार-चढ़ावों के बीच उन्होंने अपनी संस्मरण किताब ‘द वुमन इन मी’भी रिलीज की, जिसने दुनिया भर में बेस्टसेलर बनकर उनके संघर्षों की दास्तां बयां की। संगीत की दुनिया की बात करें तो ब्रिटनी पिछले काफी समय से बड़े मंचों और नई प्रस्तुतियों से दूर हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने हाल ही में अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित करने के लिए अपना पूरा म्यूजिक कैटलॉग और उससे जुड़े अधिकार एक निजी कंपनी को बेच दिए हैं। साल 2019 के बाद से उन्होंने कोई बड़ा लाइव परफॉर्मेंस नहीं दिया है और अपने लास वेगास रेजिडेंसी शो को भी अनिश्चित काल के लिए टाल दिया था। हालांकि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं, लेकिन नशे में ड्राइविंग के इस नए मामले ने उनके प्रशंसकों के बीच एक बार फिर चिंता पैदा कर दी है। अब सबकी नजरें 4 मई को होने वाली कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि पॉप स्टार के लिए आने वाले दिन कितने चुनौतीपूर्ण होंगे। वीरेंद्र/ईएमएस/06मार्च2026