अंतर्राष्ट्रीय
06-Mar-2026
...


-हेगसेथ ने दी चेतावनी ईरान पर अमेरिकी सैन्य शक्ति में हो सकती है भारी वृद्धि मेरिका,(ईएमएस)। इजराइल और ईरान के बीच तनाव शुक्रवार को जारी रहा। अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले तेज कर दिए है, जबकि इजराइल ने अपने अभियान के एक नए चरण का संकेत दिया। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में ईरान पर अमेरिकी सैन्य शक्ति में भारी वृद्धि हो सकती है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी और इजराइली सेनाएं ईरानी सैन्य क्षमताओं को पूरी तरह से नष्ट कर रही हैं। उनका दावा है कि संघर्ष तेज होने के साथ ही ईरान की वायु सेना और नौसेना काफी हद तक तबाह हो चुकी हैं। बता दें श्रीलंका के तट पर अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा दागे गए एक टॉरपीडो से ईरानी युद्धपोत के डूबने से कम से कम 87 लोग मारे गए। रिपोर्ट के मुताबिक 32 लोगों को बचाया गया और उन्हें श्रीलंका के दक्षिणी तट पर स्थित गाले शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूनिसेफ के मुताबिक सप्ताहांत में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई के बाद से मध्य पूर्व में करीब 200 बच्चों के मारे जाने की खबर है। यूनिसेफ ने बताया कि इनमें से कम से कम 181 बच्चे ईरान में, सात लेबनान में, तीन इज़राइल में और एक कुवैत में मारे गए हैं। यूनिसेफ ने कहा कि बच्चे युद्ध शुरू नहीं करते, लेकिन उन्हें इसकी असहनीय कीमत चुकानी पड़ती है। मध्य पूर्व में सैन्य कार्रवाई का बच्चों पर पहले से ही विनाशकारी प्रभाव पड़ा है। अमेरिकी और इज़राइली सेना के मुताबिक ईरान पर अमेरिकी और इजराइली हमलों के पहले दिन, दक्षिणी ईरान के मीनाब में एक लड़कियों के स्कूल पर हमला हुआ, जिसमें कम से कम 175 छात्राओं की मौत हो गई। ट्रंप ने बताया कि ईरान में अमेरिकी जमीनी सेना भेजने पर विचार करना फिलहाल समय की बर्बादी होगी। ट्रंप ने बताया कि यह समय की बर्बादी है। वे सब कुछ खो चुके हैं। उन्होंने अपनी नौसेना खो दी है। उन्होंने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची की चेतावनी को भी व्यर्थ की टिप्पणी कहकर खारिज कर दिया कि ईरान में विदेशी सैनिकों की तैनाती आक्रमणकारियों के लिए विनाशकारी साबित होगी। रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल के सैन्य प्रमुख ने चेतावनी दी है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल अभियान अगले चरण में पहुंच गया है और इससे ईरान की सरकार और उसकी सैन्य क्षमताओं को और ज्यादा कमजोर किया जाएगा। लेफ्टिनेंट जनरल इयाल ज़मीर ने टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में कहा कि आगे और भी चौंकाने वाली घटनाएं हैं जिनका खुलासा मैं नहीं करना चाहता। ज़मीर ने यह बयान शुक्रवार तड़के तेहरान में नए हमलों की लहर की खबरों के बीच जारी किया। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई, जिनकी 28 फरवरी को अमेरिकी-इजराइली हवाई हमलों में मृत्यु हो गई थी, उनका अंतिम संस्कार स्थगित कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सीनेट ने एक प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, जिसमें राष्ट्रपति ट्रम्प की ईरान पर बिना कांग्रेस की अनुमति के युद्ध जारी रखने की युद्ध शक्तियों को सीमित करने का प्रस्ताव था। सीनेट ने 53 के मुकाबले 47 मतों से इसे खारिज कर दिया। कतर स्थित भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी की है जिसमें नागरिकों से कतर के संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि साइप्रस में एक ब्रिटिश अड्डे को निशाना बनाने वाला शाहिद-प्रकार का ड्रोन ईरान से लॉन्च नहीं किया गया था। कुवैत हमले में मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों में से अंतिम दो के नाम पेंटागन द्वारा जारी किए गए हैं। पेंटागन ने मंगलवार को इससे पहले चार सैनिकों की पहचान की थी। रविवार को कुवैत के पोर्ट शुएबा में एक कमांड सेंटर पर ड्रोन हमले में उनकी मौत हो गई, यह घटना अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के ठीक एक दिन बाद हुई। इजराइल रक्षा बलों ने इलाके को खाली करने की चेतावनी के बाद बेरूत के दक्षिणी उपनगर दाहिये में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे पर हमले शुरू कर दिए हैं। यह कदम हिजबुल्लाह द्वारा इजराइल पर किए गए हमलों के बाद उठाया गया है, जिसमें समूह ने इजराइल की आक्रामकता का जवाब देने की कसम खाई है। आईडीएफ ने इजराइली नागरिकों और रणनीतिक स्थलों की रक्षा के लिए रक्षात्मक उपायों का हवाला देते हुए दक्षिणी लेबनान में अतिरिक्त बल भी तैनात किए हैं। सिराज/ईएमएस 06मार्च26