खेल
06-Mar-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने संजू सैमसन की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उनके प्रदर्शन में ये अंतर मानसिक मजबूती के कारण आया है। शास्त्री ने कहा कि संजू को अहसास हो गया है कि टीम में बने रहने के लिए निरंतरता की जरुरत है। सैमसन ने विश्व कप में प्रदर्शन में निरंतरता और बेहतर शॉट चयन के सहारे अपने प्रदर्शन में बदलाव किया है। शास्त्री ने कहा, मुझे लगता है कि उन्हें यह अहसास हो रहा है और वह इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि उन्हें अपने प्रदर्शन में अधिक निरंतरता की जरूरत है। उन्हें अपने शॉट चयन में अधिक समझदारी दिखानी होगी और अपने मजबूत पक्षों पर भरोसा करना होगा। संजू के साथ दिक्कत यह है कि उनके पास हर तरह के शॉट हैं, लेकिन एकाग्रता में कमी है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि वह मानसिक रूप से मजबूत हो गया है। जब से वह टीम में आया है तब से किसी ने भी उसकी योग्यता पर संदेह नहीं किया। लोग इस बात से निराश हैं कि उनके प्रदर्शन में अब तक जो निरंतरता दिखनी चाहिए थी वह नहीं दिख रही है। लेकिन अब वह परिपक्व हो गया है। सैमसन के सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा की फॉर्म फाइनल से पहले भारत के लिए चिंता का विषय है। अभिषेक टी20 विश्व कप में सात पारियों में केवल 89 रन ही बना पाए हैं, लेकिन शास्त्री का मानना ​​है कि भारत को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज को ही मौका देना चाहिए। शास्त्री ने कहा, मुझे लगता है कि उन्हें टीम में बनाए रखना चाहिए। टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है और उसमें किसी तरह के बदलाव की जरूरत नहीं है। ईएमएस 06 मार्च 2026