मुंबई (ईएमएस)। भारतीय टीम के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पिछले कुछ मैचों से सफल नहीं रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भी उनकी गेंदों पर जमकर चौके और छक्के लगे थे। इससे उनके आलोचक सक्रिय हो गये हैं। इनका कहना है कि वरुण की गेंदों का तोड़ अब बल्लेबाजों ने निकाल लिया है। ऐसे में उन्हें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में शायद ही रखा जाये। वहीं वरुण के साथी खिलाड़ी अक्षर पटेल ने उनका बचाव किया है और कहा है वह टीम के प्रमुख गेंदबाज है हालांकि दबाव के बीच ही उन्हें मानसिक मजबूती बनाये रखनी चाहिये। अक्षर ने कहा कि जब जब चीजें अपने अनुसार नहीं चल रही हों तब भी अपनी रणनीति पर बने रहना जरुरी है। अक्षर ने कहा, हमने वरुण से उन्हें आ रही परेशानियों के बारे में भी बात की है। हमने इस समय कई नॉकआउट मुकाबले खेले हैं, इसलिए आगे भी सकारात्मक मानसिकता बनाये रखना जरुरी है। कौशल और बाकी चीजें भी अहम स्थान रखती हैं पर हमने उससे यही कहा कि जब उसकी गेंदों पर रन बनने लगें तो भी अपनी रणनीति में बदलाव नहीं करें। उन्होंने कहा, पहले आपकी रणनीति विकेट को निशाना बनाकर गेंदबाजी करने की होती है और फिर अचानक ही आप अपनी लाइन बदल देते हैं। हम उसे लगातार यही कहते रहते हैं कि तुम टीम के लिए अहम हो। वरुण ने सेमीफाइनल से पहले नेट पर जमकर अभ्यास किया पर पावरप्ले में गेंदबाजी करने के बाद वह अपनी लय बरकरार रखने में सफल नहीं रहे। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने उन्हें कोई अवसर नहीं दिया। उन्होंने चक्रवर्ती के पहले ही ओवर में तीन छक्के लगा दिये। बेथेल ने वरुण की 13 गेंदों में 42 रन बनाये। वरुण पिछले कुछ समय से बहुत शॉर्ट या फिर ओवर पिच गेंदबाजी के करण बल्लेबाजों के लिए आसान निशाना रहे हैं। अक्षर ने कहा, अगर आप देखें तो कुछ छक्के लगने के बाद भी उसने जोस बटलर का विकेट लिया। वह नंबर एक टी20 गेंदबाज है और वह जानता है कि उसे क्या करना है। यह मानसिकता की बात है। हमें अभी एक और मैच खेलना है और उम्मीद है कि वह फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। वहीं भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि चक्रवर्ती को अपनी गति कम करनी होगी। हरभजन ने कहा, वह मैच विजेता गेंदबाज है पर शुरुआत से ही निशाना बनाए जाने पर कोई भी गेंदबाज दबाव में आ जाता है। तेज गति के अलावा वह सही लेंथ से गेंदबाजी नहीं कर पा रहा है , जिससे दबाव में हैं ऐसे में उन्हें नेट अभ्यास कर आत्मविश्वास हासिल करना चाहिये। गिरजा/ईएमएस 07 मार्च 2026