खेल
07-Mar-2026
...


जोहांसबर्ग (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर प्रशंसा की है। डु प्लेसिस के अनुसार बुमराह जैसी प्रतिभा का होना किसी भी टीम के लिए बेहद फायदेमंद होता है। डु प्लेसिस के अनुसार कठिन हालातों में मैच का रुख पलटने की बुमराह की खूबी उन्हें विश्व का सबसे घातक गेंदबाज बनाती है। बुमराह ने टी20 विश्कप के सेमीफाइनल में डेथ ओवरों में एक भी बाउंड्री नहीं देते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका रही। एक शो में फाफ डु प्लेसिस ने बुमराह की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय टीम को शायद ये स्वयं भी पता नहीं है कि वह कितनी भाग्यशाली है कि उसके पास बुमराह जैसा गेंदबाज है। डु प्लेसिस के अनुसार किसी भी प्रारुप में जब कप्तान को विकेट की जरूरत होती है तो बुमराह को गेंदबाजी मिलती है। वह टीम को ऐसे अवसरों पर विकेट दिलाते हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि बुमराह टीम के लिए किसी जिन्न की तरह हैं जैसे ही कप्तान उन्हें गेंद देता है, वह मैच का रुख बदल देते हैं। डु प्लेसिस के अनुसार बुमराह अपने अजीत गेंदबाजी एक्शन और विविधताओं के कारण मिस्ट्री बने हुए हैं। बुमराह की कलाई से गेंद जिस गति से निकलती है, उसे समझना बल्लेबाजों के लिए बेहद मुश्किल होता है। यही वजह है कि जब वह अपनी लेंथ में थोड़ी गलती भी कर देते हैं, तब भी बल्लेबाज उनपर शॉट नहीं खेल पाते। डु प्लेसिस ने उनकी तुलना श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा से भी की, जिनका एक्शन भी काफी अलग और प्रभावशाली था। बुमराह ने सेमीफाइनल में चार ओवर में एक विकेट लेकर केवल 33 रन दिये। इस हाई-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों ने मिलकर लगभग 500 रन बनाए पर बुमराह ने अपनी गेंदबाजी को सटीक बनाये रखा। अब भारतीय टीम को उनसे फाइनल में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें रहेंगी। गिरजा/ईएमएस 07 मार्च 2026