नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तिकोने पार्क में एआई समिट के लिए हुए सौंदर्यीकरण कार्य को नुकसान पहुंचाया गया है। डेढ़ लाख रुपये की लागत से लगा फव्वारा और अन्य सजावट 20 फरवरी की रात को तोड़ दी गई। दक्षिणी दिल्ली में मथुरा रोड पर निजामुद्दीन से लोधी रोड लाल बत्ती के पास स्थित तिकोने पार्क में एआई समिट के दौरान हुआ सौंदर्यीकरण का कार्य एक माह भी नहीं चल पाया। बताया कि लाइटों के साथ ही नया लगा फाउंटेन व कई अन्य प्रकार की सजावट को तहस-नहस कर दिया गया है। इसे लेकर एमसीडी ने निजामुद्दीन थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, एमसीडी ने डेढ़ लाख रुपये की लागत से फाउंटेन लगाया था, जो निजामुद्दीन बस्ती के पास मल्टीलेवल पार्किंग के सामने है। एमसीडी के एक अधिकारी के मुताबिक, एआई समिट खत्म होने के बाद ही सौंदर्यीकरण के सभी स्ट्रक्चर को 20 फरवरी की रात को ही नुकसान पहुंचाया गया था। इस प्रोजेक्ट में कई जगहों पर बाउंड्री वॉल, पेडस्टल और लैंडस्केपिंग का काम शामिल था। ऐसा ही कार्य शहर के कई इलाकों जैसे भारत मंडपम, हुमायूं का मकबरा और लोधी होटल में एक बड़े ब्यूटीफिकेशन एक्सरसाइज का हिस्सा था। इसमें बाउंड्री वाल, पेडस्टल और लैंडस्केपिंग का कंस्ट्रक्शन शामिल था। बता दें कि फव्वारा और उसके आस-पास विशेष प्रकार की घास लगाने से साइट का लुक बेहतर हो गया था। नुकसान का पता 21 फरवरी की सुबह चला तो निजामुद्दीन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपितों की पहचान में जुट गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/मार्च/2026