ब्यावरा(ईएमएस)l सुठालिया पुलिस ने चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 बाइक बरामद की हैं। बाइक की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसडीओपी प्रकाश शर्मा केमार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल राहोरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में विदिशा जिले के लटेरी थाने के भगवानपुरा निवासी 22 वर्षीय आरोपी प्रकाश भील को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान उसने कई चोरी की बाइक के बारे में पुलिस को जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पारसाना, शंभुपुरा, कालाजी बाग, जंगल शंभुपुरा और ग्राम दुर्गपुरा में दबिश दी। इन जगहों से पुलिस ने कुल 10 चोरी की बाइक बरामद की है। बरामद किए गए वाहनों में दो सुठालिया थाने में दर्ज थे, जबकि 8 बाइक अन्य थानों में चोरी की गई थी। इस मामले में दुर्गपुरा निवासी संतोष लोधी और फूल सिंह लोधी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।-निखिल/ब्यावरा/7/3/2026