क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


- एनएसयूआई ने बीयू के कुलसचिव के नाम दिया ज्ञापन - छात्रों ने कॉलेज गेट पर बैठकर किया प्रदर्शन ब्यावरा(ईएमएस)l नगर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने बीएससी प्राइवेट परीक्षा फॉर्म वापस शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल के कुलसचिव के नाम प्राचार्य डॉ. आरके गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्राचार्य के देरी से पहुंचने पर आक्रोशित छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए l NSUI विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर ने बताया कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद विश्वविद्यालय ने बीएससी प्राइवेट के फॉर्म भरना बंद कर दिए हैं। इस निर्णय से उन विद्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया है जो आर्थिक या पारिवारिक कारणों से नियमित कॉलेज नहीं जा सकते। छात्र नेताओं का तर्क है कि इस व्यवस्था के बंद होने से सैकड़ों छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया में देरी होने पर छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए प्राचार्य डॉ. आरके गुप्ता मौके पर पहुंचे और छात्रों से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता के साथ विश्वविद्यालय प्रशासन तक भेजा जाएगा। कॉलेज अध्यक्ष हर्षित दांगी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए प्राइवेट माध्यम शिक्षा का बड़ा सहारा था। एनएसयूआई ने मांग की है कि छात्र हित में पोर्टल को पुनः खोला जाए ताकि पढ़ाई छोड़ चुके या कामकाजी छात्र अपनी डिग्री पूरी कर सकें। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष बंटी सोंधिया, महासचिव रीतेश चौहान, ललित सोलंकी, नरेंद्र सोंधिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही फॉर्म शुरू नहीं किए गए तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।-निखिल/ब्यावरा/7/3/2026