-यूपी के ज्यादातर जिलों में तेज धूप खिलेगी, कुछ जगहों पर छा सकते हैं हल्के बादल नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर और पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से दो या तीन डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली में भी चटक धूप पढ़ने से तापमान बढ़ गया है। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से सात डिग्री ज्यादा था। दिल्ली में रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। 7 मार्च तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। यूपी में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज धूप खिलेगी। कुछ जगहों पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इससे गर्मी से निजात नहीं मिलने वाली। पंजाब और हरियाणा में भी लगातार पारा बढ़ने का अनुमान है। यहां सर्दी की करीब विदाई हो चुकी है। पंजाब और हरियाणा में दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं राजस्थान में भी तापमान सामान्य से ज्यादा है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के ऐक्टिव होने की वजह से बाड़मेर और आसपास के इलाकों में 30 से 35 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते शनिवार से उत्तराखंड के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तराखंड मे 12 मार्च तक देखने को मिल सकता है। शनिवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी चमोली पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 4000 मी व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क होने की संभावना जताई है। इसी तरह 8 मार्च को उत्तराखंड के उत्तरकाशी चमोली पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में हेल स्काई लाइटनिंग के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि 8 मार्च को पर्वतीय जिलों के 3800 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर हिमपात होने के आसार हैं। इसके बाद 9 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग चमोली बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बरसात के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है, साथी पहाड़ी जिलों के 3800 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश की संभावना है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26 -----------------------------