राष्ट्रीय
07-Mar-2026
...


कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा- भारत करे युद्ध रुकवाने और शांति की कोशिश नई दिल्ली,(ईएमएस)। ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का सीधा असर दुनिया पर पड़ रहा है। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारत को इस युद्ध में खींचा तो नहीं जाएगा लेकिन इसका असर साफ तौर पर नजर आएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक थरूर ने कहा कि भारत की कोशिश यही होना चाहिए कि किसी भी तरह से यह युद्ध जल्द रुक जाए। उन्होंने कहा कि भारत को भी युद्ध को रोकने और शांति स्थापित करने में पीछे नहीं रहना चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक शशि थरूर ने कहा कि भारत के लाखों लोग खाड़ी देशों में रहते हैं। इसके अलावा ईरान में ही बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं। वे सभी इस युद्ध से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि करीब एक करोड़ के आसपास भारतीय खाड़ी देशों में रहते हैं। उनका ना केवल आना जाना प्रभावित हुआ है बल्कि जीविका पर भी संकट छा गया है। बता दें अमेरिका ने भारत समेत कई देशों को रूस से तेल खरीदने की 30 दिन की छूट दी है। युद्ध की वजह से दुनियाभर में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने के बाद ट्रंप ने यह फैसला किया है। थरुर ने कहा कि अगर कंपनियां रूस से तेल खरीदती भी हैं तब भी एक महीने बाद उन्हें फिर से समस्या का सामना करना पड़ सकता है। थरूर ने शुक्रवार को कहा कि जी20 इस तरह से विकसित हो सकता है जिससे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रधानता को खतरा पैदा हो सकता है क्योंकि यह आज की समकालीन वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करता है और किसी चार्टर से बाधित नहीं है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र का अस्तित्व बना रहेगा और भले ही यह वह संयुक्त राष्ट्र नहीं हो सकता है जिसकी 1945 में कल्पना की गई थी, लेकिन यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग का केंद्र होगा। उनका कहना था- मैं जो देख रहा हूं वह अंतरराष्ट्रीय सहयोग के कई स्वरूप हैं। उनमें से सबसे उल्लेखनीय जी20 है जो संयुक्त राष्ट्र के विपरीत किसी चार्टर द्वारा बाधित नहीं है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26 -----------------------------