राज्य
07-Mar-2026


जयपुर (ईएमएस)। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान पुलिस द्वारा आगामी मंगलवार 10 मार्च को एक भव्य राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सिविल राइट्स एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग कार्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह कार्यक्रम जयपुर स्थित एचसीएम रीपा के भगवत सिंह मेहता सभागार में प्रात: 9:30 बजे से आयोजित होगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस सिविल राइट्स एवं एएचटी श्रीमती लता मनोज कुमार ने बताया कि इस गरिमामयी सम्मेलन के मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा होंगे। महिला सुरक्षा के आधुनिक पहलुओं पर चर्चा के लिए सम्मेलन को तीन महत्वपूर्ण सत्रों में बांटा गया है:कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डीजीपी शर्मा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को अवार्ड्स और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात वे उपस्थित अधिकारियों और सहभागियों को संबोधित भी करेंगे। द्वितीय सत्र इस सत्र में उप महानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम श्री विकास शर्मा द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा, ताकि डिजिटल युग में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।तृतीय सत्र: इस सत्र का मुख्य विषय नवीन आपराधिक कानून में महिला सुरक्षा रखा गया है। इस पर उप महानिरीक्षक पुलिस सीआईडी सीबी श्री दीपक भार्गव अपना प्रस्तुतिकरण और उद्बोधन देंगे।कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों की ड्यूटियां तय कर दी गई हैं। उप महानिरीक्षक पुलिस सिविल राइट्स श्वेता धनखड़ को पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का प्रभारी बनाया गया है। अशोक शर्मा/ 5 बजे/7 मार्च 2026