-पायलट से सूझ-बूझ दिखाकर अमौसी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। वे शनिवार सुबह राजधानी लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे और सुबह ला मार्टिनियर स्कूल के ग्राउंड से उड़ान भरी। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से अचानक धुआं निकलने लगा और 2000 फीट की ऊंचाई पर डिस्प्ले बोर्ड बंद हो गया। इसके बाद पायलट ने तकनीकी खराबी को समझते हुए तुरंत लखनऊ एटीसी से संपर्क कर अमौसी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की इजाजत मांगी। पायलट ने हेलीकॉप्टर को एयरपोर्ट की ओर मोड़ते ही धुआं बढ़ गया और केबिन में फैल गया। सुरक्षा टीमों के पुख्ता इंतजाम के बीच हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से अमौसी एयरपोर्ट पर उतारा गया। उपमुख्यमंत्री मौर्य तुरंत बाहर निकले आए और अब वे दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना होने वाले है। वहां उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य केशव बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान, सयारा में दो दिवसीय सरस महोत्सव का उद्घाटन करने वाले है। बात दें कि यह हेलीकॉप्टर यूपी सरकार का है और इसका संचालन नागरिक उड्डयन विभाग के तहत होता है। विभाग के निदेशक ईशान प्रताप सिंह हैं, जो सीएम योगी के विशेष सचिव भी हैं। केशव मौर्य के हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबियों की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 28 फरवरी 2022 को चुनावी सभा के दौरान ईंधन की कमी के कारण कुशीनगर के महावीर इंटर कॉलेज मैदान में, 14 फरवरी 2019 को आजमगढ़ में और 30 मार्च 2018 को रायबरेली के फुरसतगंज में इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। ला मार्टिनियर स्कूल से अमौसी एयरपोर्ट की हवाई दूरी करीब 11-12 किलोमीटर है। हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के 50 किलोमीटर दूर बछरावां तक पहुंचा था, जब तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। पायलट की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के कारण उपमुख्यमंत्री सुरक्षित रहे। इस घटना ने हवाई सुरक्षा और सरकारी उड़ानों की तकनीकी जांच की आवश्यकता को फिर से उजागर किया है। आशीष दुबे / 07 मार्च 2026