ममता सरकार पर भी साधा निशाना, जनता में है टीएमसी के खिलाफ गुस्सा पटना,(ईएमएस)। बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही अपनी राजनीतिक पारी का आगाज कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि निशांत की राजनीति में एंट्री के लिए यह सही समय है। गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के ऐसे नेता हैं जिन्होंने करीब दो दशकों तक असरदार लीडरशिप के साथ राज्य के विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया। आज भी नीतीश खुद फैसले लेते हैं और सही समय पर लेते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि यह समय है कि निशांत को राजनीति में आना चाहिए। टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस सरकार घबराई हुई है और जनता में उसके खिलाफ गुस्सा है। सरकार ने 26,000 टीचरों की नियुक्तियां रद्द कर दी हैं। इससे लाखों युवा परेशान हैं। टीएमसी सरकार ने कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग का लाभ नहीं दिया। बीजेपी सरकार आएगी तो शिक्षकों की बहाली भी होगी और कर्मचारियों को सातवां पे कमीशन भी दिया जाएगा। बंगाल की महिलाओं को तीन हजार रुपए सहायता राशि दी जाएगी। लखपति दीदी बनाया जाएगा। इसीलिए टीएमसी की सरकार घबराई हुई है। जनता वोट के जरिए टीएमसी का सूपड़ा साफ कर देगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गिरिराज ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकाला जाएगा। गुंडों का हिसाब किया जाएगा। जीएसटी सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में किए गए जीएसटी सुधारों ने भारत के ऑटोमोबाइल क्षेत्र को नई गति दी है। बेहतर कर व्यवस्था और बढ़ते आर्थिक विश्वास के कारण ऑटो बाजार में रिकॉर्ड मांग देखने को मिल रही है, जिससे बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह प्रगति न केवल उद्योग को मजबूती दे रही है, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में जन औषधि केंद्रों का विस्तार ग्रामीण और शहरी भारत के बीच की दूरी को कम कर रहा है। आकांक्षी जिलों, पहाड़ी क्षेत्रों, द्वीपों और पूर्वोत्तर तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की पहुंच सुनिश्चित करते हुए यह पहल आम नागरिकों के स्वास्थ्य खर्च को कम कर रही है। साथ ही ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26 --------------------------------