एसआईआर के खिलाफ जारी धरने को संबोधित कर ममता की हुंकार कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नए राज्यपाल आर एन रवि को बीजेपी कैडर बताकर केंद्र पर तीखा हमला किया है। उन्होंने दावा किया कि निवर्तमान राज्यपाल बोस को केंद्र के दबाव में लोक भवन से अचानक हटाया गया है। उन्होंने केंद्र पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और राज्यपालों को अपना कार्यकाल पूरा न करने देने का आरोप लगाया है। मतदाता सूची से नाम हटाने के खिलाफ चल रहे अपने धरने में समर्थकों को संबोधित कर ममता ने मोदी सरकार पर राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले लोक भवन को राजनीतिक चौकी में बदलने का प्रयास करने का आरोप लगाया। सीएम ममता ने कहा, क्या आपने देखा कि बोस को कैसे हटाया गया? मुझे सब पता है। उन्हें धमकाया गया था। वे लोक भवन से पैसा बांटना चाहते हैं। लोक भवन को बीजेपी पार्टी कार्यालय में बदलना चाहते हैं, लेकिन दिल्ली की ऐसी मनमानी से हर कोई सहमत नहीं होगा। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने तमिलनाडु में रवि के कार्यकाल पर कटाक्ष कर दावा किया कि राज्यपाल को सर्वोच्च न्यायालय से कई टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। बनर्जी ने कहा, मैंने सुना है कि जो व्यक्ति अब बंगाल आ रहा है, उन्हें सुप्रीम कोर्ट से कई टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है। वह भाजपा का कार्यकर्ता है। लेकिन याद रखें हैं......बंगाल एक अलग जगह है। केंद्र पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और राज्यपालों को अपना कार्यकाल पूरा करने की अनुमति न देने का आरोप लगाया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ का जिक्र कर कहा, केंद्र किसी को भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दे रही है। आपने धनखड़ के साथ भी यही किया था। ममता ने केंद्र में सत्तारूढ़ लोगों की तुलना मोहम्मद बिन तुगलक से भी बदतर बताकर कहा कि ये मनमानी शासन का उदाहरण है। आशीष दुबे / 07 मार्च 2026