राज्य
07-Mar-2026


गाली-गलौच और हाथ पकड़ने की कोशिश जबलपुर, (ईएमएस)। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एक बार फिर विवाद सामने आया है। गणित और कम्प्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष पर एक महिला अतिथि शिक्षक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला शिक्षक, जो वर्ष 2019 से विभाग में कार्यरत हैं, ने कुलगुरु कार्यालय में शिकायत दी है। उनका कहना है कि 2 मार्च की दोपहर करीब 3:50 बजे विभागाध्यक्ष ने स्टाफ के सामने उनके साथ गाली-गलौच की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभागाध्यक्ष ने अभद्र व्यवहार करते हुए उनका हाथ पकड़ने की कोशिश की। महिला शिक्षक ने बताया कि पहले भी विभागाध्यक्ष का व्यवहार ठीक नहीं रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने 2 मार्च की घटना की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। विश्वविद्यालय में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। सुनील साहू / शहबाज / 07 मार्च 2026/ 06.21