क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के नानाखेड़ी मंडी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है, जिसमें एक होटल संचालक की असमय मौत हो गई। आरटीओ कार्यालय के समीप हुई इस भिड़ंत में कार सवार युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका कर्मचारी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिलेंडर भरवाने जाते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मृतक पुष्कर जैन पिता अनिल जैन निवासी पटाई की नई गल्ला मंडी गेट के सामने अपनी होटल है। शनिवार को वे होटल पर काम करने वाले हलवाई शिवम रजक निवासी पुरानी छावनी के साथ कार से गैस सिलेंडर भरवाने के लिए जा रहे थे। कार में दो खाली सिलेंडर रखे हुए थे और वाहन पुष्कर जैन स्वयं चला रहे थे। दो-तीन बार पलटी खा गई कार घायल शिवम रजक ने अस्पताल में बताया कि जब वे रोड क्रॉस कर रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी कार सडक़ पर दो-तीन बार पलटी खा गई। इस हादसे में पुष्कर जैन को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, शिवम रजक को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों में शोक की लहर हादसे की खबर मिलते ही मंडी क्षेत्र के व्यापारी और मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पुष्कर के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। एक छोटे से काम के लिए निकले होटल संचालक की इस तरह मौत होने से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। पुलिस अब टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीताराम नाटानी