07-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के व्यस्ततम बजरंगगढ़ बायपास और एबी रोड पर लगातार हो रहे जानलेवा हादसों के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सख्ती के मूड में है। शनिवार को नगरपालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भुल्लनपुरा तिराहे पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर अतिक्रमण विरोधी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जेसीबी की मदद से दुकानों के बाहर बने स्थाई चबूतरे, टीनशेड और अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। हादसों के बाद जागा प्रशासन उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बजरंगगढ़ बायपास पर एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें एक बालक का पैर ट्रक की चपेट में आने से बुरी तरह कुचल गया था। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों का आक्रोश चरम पर था और उन्होंने सडक़ जाम कर भारी वाहनों के प्रवेश व अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके अलावा एबी रोड पर भी एक अनियंत्रित ट्रक ने चार लोगों को रौंद दिया था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी। इन गंभीर घटनाओं के बाद कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार और नगर पालिका की टीम सक्रिय हुई है। अस्थाई और स्थाई निर्माणों पर चली जेसीबी शनिवार को हुई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, नगर पालिका और पुलिस की टीम भुल्लनपुरा तिराहे पर पहुंची। यहाँ दुकानों के आगे फैलाए गए अस्थाई सामान को जब्त करने के साथ ही सडक़ की सीमा में आने वाले स्थाई निर्माणों को जेसीबी से ढहा दिया गया। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि बजरंगगढ़ बायपास पर जहाँ पूर्व में कार्रवाई रोकी गई थी, उसे भी निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। दोबारा सर्वे और सख्त कार्रवाई की तैयारी नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में केवल अस्थाई कब्जे हटाए गए थे, लेकिन अब स्थाई अतिक्रमणों को चिन्हित करने के लिए दोबारा विस्तृत सर्वे कराया जा रहा है। अधिकारियों ने दुकानदारों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने चबूतरे और टीनशेड हटा लें, अन्यथा प्रशासन उन्हें बलपूर्वक हटाकर सडक़ की वास्तविक चौड़ाई बहाल करेगा। सडक़ सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन अब उन धर्मकांटों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी नजर रख रहा है, जिनकी वजह से बायपास पर जाम की स्थिति निर्मित होती है। सीताराम नाटानी