राज्य
07-Mar-2026
...


:: सुरक्षा के प्रति संकल्प के साथ बढ़ा मनोबल :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शनिवार को सुरक्षा दिवस के अवसर पर लाइनमैन दिवस का आयोजन किया गया। इंदौर के शहर और ग्रामीण वृत्त में आयोजित इन विशेष कार्यक्रमों में अपनी जान जोखिम में डालकर विद्युत सेवा सुचारू रखने वाले बिजली कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। शहर वृत्त का मुख्य समारोह इंदौर के जाल सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विद्युत सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग की शपथ दिलाई गई। वहीं, ग्रामीण वृत्त का आयोजन होटल साउथ एवेन्यू में हुआ, जहाँ विद्युत सुरक्षा उपकरणों की एक प्रदर्शनी लगाई गई, ताकि कार्मिकों को नवीनतम तकनीक और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जा सके। आयोजन में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। शहर वृत्त के समारोह में अधीक्षण अभियंता डी.के. गाठे और ग्रामीण वृत्त में डॉ. डी.एन. शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यपालन अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इंदौर शहर के दोनों कार्यक्रमों में कुल 400 बिजली कार्मिकों ने हिस्सा लिया। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश और मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन का उद्देश्य लाइनमैनों के कठिन श्रम को सम्मान देना और कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं को शून्य करना है। वरिष्ठ अधिकारियों के हाथों पुरस्कार पाकर लाइनमैनों के चेहरे खिले हुए नजर आए। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सभी ने सदैव सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का संकल्प लिया। प्रकाश/07 मार्च 2026