* मनीष दोशी बोले - ‘अच्छे दिन’ का वादा करने वाली सरकार अब जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है अहमदाबाद (ईएमएस)| देश में महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नए दाम लागू होने के बाद अब एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 920 रुपये हो गई है। इस बढ़ोतरी से सबसे अधिक असर गृहिणियों और मध्यम वर्गीय परिवारों के बजट पर पड़ने की संभावना है। गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद गुजरात कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों के शासनकाल में बिना किसी असाधारण परिस्थिति के भी सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संकट के समय में भी सरकार देश के नागरिकों से वसूली करने में लगी हुई है। बता दें कि 7 मार्च 2026 से तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में रु. 60 की वृद्धि की है, जिससे दिल्ली में दरें रु. 913 हो गई हैं। कमर्शियल (19 kg) सिलेंडर की कीमतों में भी रु. 115 से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। अहमदाबाद में अब घरेलू सिलेंडर की कीमत लगभग रु. 920 है। मनीष दोशी ने कहा कि जब केंद्र में सरकार बनाने के लिए वादे किए गए थे तब “अच्छे दिन” लाने की बात कही गई थी, लेकिन वर्तमान में स्थिति इसके बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। उनके मुताबिक मौजूदा सरकार देश के लिए बेहद महंगी सरकार साबित हो रही है और आम जनता लगातार महंगाई का बोझ झेल रही है। उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अभी युद्ध जैसी परिस्थितियां बनने लगी हैं और स्थिति की शुरुआत होते ही व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में करीब 125 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर में भी 60 रुपये की वृद्धि कर दी गई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कई बार नीचे आती हैं, इसके बावजूद देश के करीब 140 करोड़ नागरिकों को डीजल और पेट्रोल के लिए 90 से 100 रुपये प्रति लीटर तक चुकाने पड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नागरिकों की जेब से 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की है। दोशी ने दावा किया कि रसोई गैस के दामों में पिछले कुछ वर्षों में तीन गुना तक बढ़ोतरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब महंगाई पहले से ही आम लोगों की कमर तोड़ रही है, तब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना जनता के साथ विश्वासघात के समान है। कांग्रेस ने सरकार से इस फैसले पर जवाब देने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। सतीश/07 मार्च