क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा घरेलू रसोई गैस सिलेंडर पर 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 115 रुपये की वृद्धि को लेकर जिला कांग्रेस ने तीखा विरोध व्यक्त किया गया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 400 रुपये हुआ करती थी, तब भाजपा के नेता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करते थे और जनता को महंगाई का भय दिखाते थे। आज वही भाजपा सत्ता में बैठकर जनता की रसोई पर सीधा हमला कर रही है। ग्वालियर में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 1000 रुपये के करीब पहुंच चुकी है, जिससे आम परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। महंगाई की इस मार से सबसे ज्यादा प्रभावित गृहणियां और मध्यमवर्गीय परिवार हो रहे हैं, जिनके लिए घर चलाना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि ऊर्जा मंत्री प्रधुमन सिंह तौमर के उस बयान की भी कड़ी निंदा की गई जिसमें उन्होंने अपनी समस्या लेकर पहुंचे ओबीसी समाज के लोगों को उनकी औकात की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और महंगाई, बेरोजगारी तथा भाजपा सरकार के अहंकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।