राज्य
07-Mar-2026


सूरत (ईएमएस)| शहर के पुना इलाके से एक बेहद अनोखी और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक परिवार ने गलती से पूजा की सामग्री के साथ 2 लाख रुपये नकद नहर में बहा दिए। हालांकि फायर विभाग की मुस्तैदी और कड़ी मेहनत के कारण यह पूरी रकम पानी से सुरक्षित निकालकर परिवार को वापस सौंप दी गई। फायर विभाग की इस सराहनीय कार्रवाई की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार, सूरत शहर के पुना क्षेत्र की निजानंद सोसायटी में रहने वाले लिम्बा परिवार के घर कुछ दिन पहले धार्मिक अनुष्ठान और पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्यों ने फूल, नारियल और अन्य पूजा सामग्री को नहर में प्रवाहित करने के लिए एक प्लास्टिक की थैली में भर दिया। इसी दौरान घर में रखे 2 लाख रुपये नकद भी गलती से उसी थैली में रखे रह गए। परिवार के सदस्यों को इस बात की जानकारी नहीं थी और वे पूजा की सामग्री के साथ पूरी थैली को पुना नहर में प्रवाहित कर आए। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्यों को तिजोरी के पास रखे पैसे दिखाई नहीं दिए तो उन्हें शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि गलती से 2 लाख रुपये भी पूजा की सामग्री वाली थैली में चले गए थे और नहर में बहा दिए गए हैं। यह पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिवार ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नहर में खोज अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद आखिरकार उस थैली को ढूंढ निकाला। कुछ समय तक चली इस तलाश के बाद फायर विभाग ने नहर से 2 लाख रुपये सुरक्षित बाहर निकाल लिए। इसके बाद यह पूरी रकम लिम्बा परिवार को लौटा दी गई। इस घटना के बाद पुना इलाके में फायर विभाग की कार्यवाही की काफी सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर टीम की तत्परता और मेहनत की वजह से परिवार की बड़ी रकम बच गई। सतीश/07 मार्च