राज्य
07-Mar-2026


:: सिमरोल थाना क्षेत्र की घटना; शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने से हुआ दर्दनाक हादसा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले के महू स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तिंछा वॉटरफॉल पर शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ पार्टी मनाने गए दो युवकों की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिमरोल थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन युवक पिकनिक मनाने के उद्देश्य से तिंछा वॉटरफॉल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे खाई के किनारे बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने के कारण दो युवक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान अशोक और सुमित के रूप में हुई है। खाई में गिरने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों युवकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला। हादसे की जानकारी लगते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पड़ताल में खाई के पास शराब पीने की बात सामने आई है, जो हादसे का मुख्य कारण बनी। इस घटना के बाद एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि खतरनाक वॉटरफॉल और ऊंची पहाड़ियों वाले पर्यटन स्थलों पर जाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। पुलिस ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि पर्यटन स्थलों पर नशीली वस्तुओं का सेवन न करें और सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन करें। प्रकाश/07 मार्च 2026