पंचकूला (ईएमएस)। हरियाणवी लोकधुन पर आधारित गीत ‘टटीरी’ के नये रैप संस्करण को लेकर मशहूर रैपर बादशाह विवादों में घिर गए हैं। गाने के कुछ बोल और इसके फिल्मांकन को लेकर आपत्ति जताते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी किया है। आयोग ने उन्हें 13 मार्च को अपना पक्ष रखने के लिए पानीपत में पेश होने का निर्देश दिया है। इस बीच, पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम थाने बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, हरियाणा सरकार ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। हाल ही में रिलीज हुए इस रैप गीत के वीडियो में कुछ ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं, जिन्हें लेकर सामाजिक संगठनों और शिकायतकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। आरोप है कि वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी नाबालिग बच्चियों को सरकारी बस की छत पर नाचते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा बच्चियों को किताबें और बैग फेंकते हुए भी दिखाया गया है, जिसे शिक्षा के महत्व को कमतर दिखाने और बच्चों को गलत संदेश देने वाला बताया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गाने की एक लाइन ‘आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी...’ महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और गलत संदेश देने वाली है। पानीपत की संस्था ‘नारी तू नारायणी’ की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार ने महिला आयोग को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। ‘टटीरी’ मूल रूप से हरियाणवी लोकधुन पर आधारित एक पारंपरिक गीत है, जिसे पहले स्थानीय स्तर पर गाया गया था। बाद में बादशाह ने इसका रैप संस्करण तैयार किया। इस गीत की शूटिंग जींद जिले में की गई। इसमें कैथल की रहने वाली बॉक्सर एवं हरियाणवी गायक कर्मबीर फौजी की बेटी सिमरन जागलान की आवाज भी है। एक मार्च को रिलीज हुआ यह गाना सोशल मीडिया एवं यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो गया और 20 लाख से अधिक लोग इसे देख चुके हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तीखी बहस छिड़ गई है। सुबोध/०७-०३-२०२६