* मलेशिया-थाईलैंड के नार्को कार्टेल से जुड़ा नेटवर्क, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; करोड़ों के अवैध कारोबार का खुलासा अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात एटीएस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे एक बड़े प्रतिबंधित ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में प्रतिबंधित माने जाने वाले “एटोमेडिट” नामक ड्रग को भारत से फर्जी दस्तावेजों और गलत लेबलिंग के जरिए मलेशिया और थाईलैंड भेजा जा रहा था। इस मामले में एटीएस ने निकुंज गढ़िया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपी भौतिक पदमाणी और चेतन वावडिया फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। दरअसल, गुजरात एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अपनी फार्मा कंपनियों के नाम पर विदेशों में दवाइयों के निर्यात की आड़ में प्रतिबंधित ड्रग्स की तस्करी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर एटीएस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी मलेशिया और थाईलैंड के नार्को कार्टेल के सदस्यों के संपर्क में थे और उनकी मांग के अनुसार ड्रग्स भेजते थे। ड्रग्स को छिपाने के लिए आरोपी पार्सल पर “एलोवेरा पाउडर” का लेबल लगाते थे और फर्जी बिल तथा नकली कस्टम क्लियरेंस दस्तावेज तैयार कर मुंबई एयरपोर्ट से कार्गो के जरिए विदेश भेजते थे। एटीएस को संदेह होने पर कूरियर कंपनी को सूचना देकर कुछ पार्सलों को होल्ड कराया गया, जिसके बाद पूरे रैकेट का खुलासा हुआ। एटीएस मुताबिक तीनों आरोपी ऑनलाइन बिजनेस प्लेटफॉर्म इंडियामार्ट के जरिए विदेशों के नार्को कार्टेल के संपर्क में आए थे। शुरुआत में यह संपर्क वैध उत्पादों के व्यापार के बहाने शुरू हुआ था, लेकिन बाद में इसी माध्यम से प्रतिबंधित ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी निकुंज गढ़िया ने कई अहम खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि अपनी कंपनी के जरिए वह करीब 50 किलो प्रतिबंधित ड्रग्स विदेश भेज चुका है। यह खेप अलग-अलग लोगों को एक्सपोर्ट की गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चेतन वावडिया अपनी “रुद्र एंटरप्राइज” नामक कंपनी के जरिए करीब 50 किलो ड्रग्स मलेशिया और थाईलैंड भेज चुका है, जबकि भौतिक पदमाणी ने अपनी कंपनी के नाम पर करीब 25 किलो प्रतिबंधित ड्रग्स इन देशों में निर्यात किए थे। एटीएस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत करीब 4 से 5 हजार अमेरिकी डॉलर प्रति किलो थी, जिसके जरिए आरोपी लाखों रुपये का अवैध कारोबार कर रहे थे। गुजरात एटीएस की सूचना के आधार पर थाईलैंड पुलिस ने भी कार्रवाई की और वहां पहुंचे ड्रग्स के जखीरे को जब्त कर लिया। इससे इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। फिलहाल गुजरात एटीएस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर निकुंज गढ़िया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी भौतिक पदमाणी और चेतन वावडिया की तलाश जारी है। पूरे नेटवर्क को लेकर आगे की जांच जारी है। सतीश/07 मार्च