लॉस एंजिल्स (ईएमएस)। दुनिया भर में स्टेज परफॉर्मेंस के लिए मशहूर कोलंबियाई पॉप स्टार शकीरा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उन्होंने मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक चौक झोकालो पर चार लाख से ज्यादा लोगों के सामने परफॉर्म कर नया रिकॉर्ड बना दिया। वीकेंड पर आयोजित इस भव्य कॉन्सर्ट ने पूरी राजधानी को उत्सव के माहौल में बदल दिया। यह कार्यक्रम पूरी तरह मुफ्त था, जिसके कारण मैक्सिको के अलग-अलग शहरों और राज्यों से हजारों लोग शकीरा की लाइव प्रस्तुति देखने पहुंचे। भारी भीड़ के कारण सिर्फ मुख्य चौक ही नहीं, बल्कि आसपास की सड़कों और इलाकों में भी बड़ी स्क्रीन लगाई गईं, ताकि दूर खड़े लोग भी कॉन्सर्ट का आनंद ले सकें। आयोजन स्थल पर लोगों की इतनी बड़ी मौजूदगी ने इसे जोकालो में आयोजित अब तक के सबसे बड़े कार्यक्रमों में शामिल कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख स्थानों जैसे अलमेडा सेंट्रल और मोनूमेंट टू द रिवोलूशन पर भी बड़ी स्क्रीन और अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। पूरे इलाके का माहौल किसी बड़े त्योहार जैसा नजर आ रहा था, जहां हजारों लोग एक साथ संगीत और जश्न में डूबे दिखाई दिए। कॉन्सर्ट के दौरान शकीरा ने अपने कई सुपरहिट गानों से माहौल को और भी खास बना दिया। उन्होंने हिप्स डोन्ट लाई, वाका वाका (दिस टाइम फार अफ्रिका) और डोंट ब्रदर जैसे लोकप्रिय गीतों पर परफॉर्म किया। इन गानों के साथ पूरा जोकालो मानो एक विशाल डांस फ्लोर में बदल गया, जहां हजारों लोग एक साथ गाते और झूमते नजर आए। इस कार्यक्रम में कोलंबियाई कलाकार बीले भी शकीरा के साथ स्टेज पर दिखाई दिए। दोनों कलाकारों ने मिलकर अपने नए गाने अलगो टू को पहली बार लाइव प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने जबरदस्त उत्साह के साथ सराहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक शकीरा जल्द ही रियो डे जेनेरियो में भी एक मुफ्त कॉन्सर्ट करने वाली हैं। यह कार्यक्रम उनके मौजूदा वर्ल्ड टूर का हिस्सा है, जिसमें वह अपने करियर के अलग-अलग दौर के हिट गानों के साथ दुनियाभर के प्रशंसकों को रोमांचित कर रही हैं। संगीत की दुनिया में पहले से कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी शकीरा ने इस बार लाइव कॉन्सर्ट के जरिए ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी चर्चा वैश्विक स्तर पर हो रही है। सुदामा/ईएमएस 08 मार्च 2026