नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय घरों में पीढ़ियों से सर्दी-जुकाम से राहत हो, शरीर में दर्द हो या इम्यूनिटी कमजोर हल्दी दूध को हर परेशानी का सरल और प्राकृतिक समाधान माना जाता है। आयुर्वेद में इसे गोल्डन मिल्क कहा जाता है, लेकिन अक्सर लोग इसे सही तरीके से तैयार नहीं करते। इसी वजह से नियमित सेवन के बावजूद उन्हें इसके पूरे फायदे नहीं मिल पाते। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नामक तत्व बेहद शक्तिशाली माना जाता है। यह एंटीऑक्सीडेंट, एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है। यह शरीर की सूजन कम करने, जोड़ों के दर्द में राहत देने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब हल्दी को गर्म दूध के साथ लिया जाता है, तो दूध में मौजूद प्राकृतिक फैट करक्यूमिन को घुलने में मदद करता है, क्योंकि करक्यूमिन एक फैट-सॉल्यूबल तत्व है। हालांकि सिर्फ दूध और हल्दी मिलाकर पी लेने से पूरा लाभ नहीं मिलता। आयुर्वेद बताता है कि हल्दी का वास्तविक फायदा तब मिलता है जब इसमें चुटकी भर काली मिर्च या थोड़ा घी मिलाया जाए। काली मिर्च में पाया जाने वाला पिपरीन नामक तत्व करक्यूमिन के अवशोषण को कई गुना बढ़ा देता है। शोधों में पाया गया है कि बिना काली मिर्च के शरीर करक्यूमिन का बहुत कम हिस्सा ही उपयोग कर पाता है, जबकि काली मिर्च के साथ इसका असर 20 गुना तक बढ़ जाता है। यही वजह है कि अधिकतर लोग केवल हल्दी और दूध मिलाकर पीने की गलती कर बैठते हैं और पूरा लाभ नहीं ले पाते। अगर आप रोज रात को हल्दी वाला दूध पीते हैं, पर उसमें काली मिर्च शामिल नहीं करते, तो आप इसके महत्वपूर्ण फायदों से वंचित रह जाते हैं। सही तरीका यह है कि एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी और एक चुटकी ताज़ी पिसी काली मिर्च मिलाएं। चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा शहद भी जोड़ सकते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि शहद को कभी भी उबलते दूध में न डालें। दूध थोड़ा ठंडा होने पर ही शहद मिलाएं। यह संयोजन न केवल इम्यूनिटी मजबूत करता है, बल्कि सर्दी-जुकाम में भी त्वरित राहत देता है। यह शरीर की अंदरूनी सूजन कम करता है, डिटॉक्स में मदद करता है और जोड़ों के दर्द या मांसपेशियों की जकड़न से जूझ रहे लोगों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद है। हल्दी वाला दूध नियमित रूप से लेने से त्वचा की चमक बढ़ती है और नींद की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। सुदामा/ईएमएस 08 मार्च 2026