अंतर्राष्ट्रीय
08-Mar-2026
...


-ट्रंप प्रशासन ने एआई कंपनियों के लिए तैयार किए नए सख्त दिशा-निर्देश वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी में ट्रंप प्रशासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनियों के लिए नए सख्त दिशा-निर्देश तैयार किए हैं। इन नियमों के तहत जो कंपनियां अमेरिकी सरकार के साथ काम करना चाहेंगी, उन्हें अपने एआई सिस्टम के किसी भी वैध उपयोग के लिए अमेरिकी सरकार को स्थायी लाइसेंस देना होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नए दिशा-निर्देश जनरल सर्विसिज एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा तैयार किए गए हैं और यह नागरिक (सिविलियन) सरकारी अनुबंधों पर लागू होंगे। इसका मकसद सरकारी संस्थाओं द्वारा एआई सेवाओं की खरीद प्रक्रिया को अधिक सख्त और सुरक्षित बनाना है। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब अमेरिकी रक्षा विभाग और एआई कंपनी एंथ्रोपिक के बीच तनाव बढ़ गया है। पेंटागन ने हाल ही में एंथ्रोपिक को सप्लाई-चेन जोखिम घोषित कर सरकारी ठेकेदारों को सैन्य कार्यों में उसकी तकनीक इस्तेमाल करने से रोक दिया था। एआई कंपनियों को सरकार को अपने मॉडल के सभी कानूनी उपयोगों के लिए कभी न बदले जाने वाला लाइसेंस देना होगा। कंपनियां अपने एआई सिस्टम के आउटपुट में जानबूझकर राजनीतिक या वैचारिक झुकाव नहीं जोड़ सकतीं। उन्हें यह भी बताना होगा कि क्या उनके एआई मॉडल को किसी विदेशी सरकार या गैर-अमेरिकी नियमों के अनुरूप संशोधित किया गया है। सिराज/ईएमएस 08 मार्च 2026