- कवियों ने हास्य व्यंग्य से गुदगुदाया फिरोजाबाद(ईएमएस) नगर की पुरातन एवं प्रतिष्ठित संस्था अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में अग्रवाल धर्मशाला में होली मिलन समारोह भव्यता के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में ब्रज प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश बंसल, प्रदेश उपमहामंत्री किशन बिहारी गर्ग मंचासीन रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आनंद मित्तल ने की। मार्गदर्शक जानकी प्रसाद गर्ग ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन करके समारोह का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों को चंदन टीका लगाकर व पीत दुपट्टा पहनाकर गले मिलकर होली की प्रेमपूर्ण शुभकामनाएं दी गई। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन की आरती के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में कवियों ने हास्य व्यंग्य की रचनाये सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर सम्मेलन के सदस्यों ने रसिया, गीत, मल्हार, भजन आदि सुनाकर समां बांध दिया। सभी ने गले मिलकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। संचालन कुलदीप मित्तल एडवोकेट ने किया। महामंत्री दिनेश अग्रवाल ने सम्मेलन द्वारा किए जा रहे कार्यों को बताते हुए कविता सुनाकर शुभकामना दी। मुख्य अतिथि मुकेश बंसल ने अपने उद्बोधन में अग्र समाज को जागरुक करते हुए कहा कि हमें संगठित रहने की बहुत अधिक आवश्यकता है। समाज के छोटे से छोटे कार्य में एक आवाज पर सभी अग्र बंधुओ को इकट्ठे होकर अपनी जागरूकता दिखानी चाहिए। ब्रज प्रदेश उप महामंत्री किशन बिहारी गर्ग ने होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पवित्र प्रेम के प्रतीक इस त्योहार पर सभी को पुराने गिले शिकवे दूर कर प्रेमभाव बनाए रखना चाहिए। माहौल में रस भरते हुए सुप्रसिद्ध कवि प्रवीन पांडे ने कुछ यूं पढ़ा बिरज सो विदा है चली होरी ग्वाल बाल सखियन के भोरे मन की आसा तोरी।। कृष्ण कुमार कनक ने कहा काम सारे इस तरह करते है हम पत्थरों पर भी असर करते है हम पांव रखते है ज़मीं पर ही मगर आसमानों तक सफ़र करते हैं हम।। हास्य व्यंग्य कवि पंकज टूटपड़े ने सुनाया तलवार दिखाकर ना हमको डराना अच्छे अच्छे हो गये यू पी से रवाना अब तलवार खुद पूछ रही है म्यान किधर है।। गीतकार चंद्रप्रकाश चंद्र ने सबका मन मोहते हुए सुनाया कान्हा बरसाने में आयो है नेक डोड़ी डोड़ी रहियो जाये नासा भंग को छायों है, नेक डोड़ी डोड़ी रहियो।। इस अवसर पर दाऊ दयाल अग्रवाल एड, सुरेंद्र प्रकाश, सुधीर बंसल, राकेश अग्रवाल, अनिल चॉइस, ई एस सी अग्रवाल, हरी बाबू, रमेश डायमंड, दिनेश गर्ग, सुनील, अनुग्रह गोपाल, अवध बिहारी, लक्ष्मीकांत, गोविन्द , पंकज, गोपाल बंसल, देवप्रकाश, संजय डिश, रविंद्र अग्रवाल, बल्लो बाबू, आदि अग्रबंधु मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री दिनेश चंद अग्रवाल व संचालन कोषाध्यक्ष कुलदीप मित्तल एडवोकेट ने किया। सभी ने गले मिलकर ठंडाई पिलाकर एक दूसरे को होली की मधुर शुभकामनाएं दीं।