क्षेत्रीय
08-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रूपये की बढ़ोतरी पर मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की है। आप ने कहा कि सरकार अमेरिकी दबाव में निर्णय ले रही है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता प्रभावित हो रही है। आम आदमी पार्टी ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा होने के बाद केंद्र सरकार पर हमला बोला है। आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि मोदी सरकार ने कहा था कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम नहीं बढ़ेंगे, लेकिन शनिवार को घरेलु गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानना चाहता है कि देश कौन चला रहा है?। उन्होंने कहा कि जो अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं, मोदी सरकार हाथ जोड़ कर स्वीकार कर लेती है। उन्होंने कहा कि सीजफायर, टैरिफ, रूस से तेल खरीदने समेत कई फैसले की घोषणा ट्रंप की ओर से की गई और मोदी सरकार चुप देखती रही। पार्टी मुख्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनुराग ढांढा ने कहा कि सुबह-सुबह देश के आम लोगों के घरों पर महंगाई का बम गिरा है। रसोई गैस का दाम 60 रुपए बढ़ा दिया गया है और पूरे देश के मिडिल क्लास और लोअर मिडिल क्लास परिवारों को इस दाम बढ़ोतरी और महंगाई का दंश झेलना पड़ेगा।