क्षेत्रीय
08-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नेशनल हाइवे पर बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। हाइवे किनारे संचालित होटल, ढाबा, पेट्रोल पंप, गैरेज, पंचर दुकान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। चेतना भवन में आयोजित विशेष बैठक में पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हाइवे पर होने वाली कई दुर्घटनाएं अव्यवस्थित पार्किंग, खराब वाहनों की असुरक्षित स्थिति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अभाव के कारण होती हैं। ऐसे में सभी व्यवसाय संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने यातायात सुरक्षा के नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रतिष्ठानों के सामने भारी वाहन खड़े नहीं किए जाएं और वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए। खराब या क्षतिग्रस्त वाहनों के आगे-पीछे रिफ्लेक्टर कोन सहित अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिंग लाइट और एलईडी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से स्थान दिखाई दे सके। सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी और चेतावनी बोर्ड अनिवार्य व्यवसाय संचालकों को वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए पुलिस से सत्यापित सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने और प्रतिष्ठानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने की हिदायत दी गई। इसके अलावा ‘गो स्लो’, ‘धीरे चलें’, ‘सावधान’, ‘आगे ढाबा है’ जैसे चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने तथा पुलिस हेल्पलाइन, अस्पताल और अन्य आपातकालीन नंबरों के साइन बोर्ड प्रदर्शित करने को भी कहा गया। सात दिन में पालन नहीं तो कार्रवाई की चेतावनी पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी संचालक सात दिनों के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। निर्धारित समय के बाद यदि किसी प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह सहित नेशनल हाईवे क्षेत्र के थाना मस्तूरी, तोरवा, हिर्री, चकरभाठा, सकरी और रतनपुर के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। मनोज राज 08 मार्च 2026