बिलासपुर (ईएमएस)। एनटीपीसी सीपत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना में कार्यरत महिला कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों की महिलाओं के योगदान को सराहा गया तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। संविदा महिला श्रमिकों के कार्यों की भी प्रशंसा करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर की वरिष्ठ अधिवक्ता फौजिया मिर्ज़ा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की महिलाओं ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सशक्त भूमिका का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कविता, गीत और नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने इस वर्ष की थीम ‘गिव टू गेन’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं आज प्रचालन, अनुरक्षण, सेफ्टी, इंजीनियरिंग और आईटी जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर कोमल कृति उरांव को छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक सेवा परीक्षा में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के रूप में चयनित होने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मनोज राज 08 मार्च 2026