क्षेत्रीय
08-Mar-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कार्पियो कार की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई दूसरे का इलाज जारी है। हादसा छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में आज तड़के साढ़े चार बजे उस समय हुआ जब वहां कुछ युवक सेहरी के लिए खड़े थे। पुलिस के अनुसार हादसा आज सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच सिलावटपुरा स्थित गणेश मंदिर के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तनवीर खान उम्र उन्नीस साल और उसके दोस्त फैजान मंसूरी उम्र बावीस साल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए यूनिक अस्पताल ले जाया गया, जहां तनवीर खान की मौत हो गई। वहीं फैजान मंसूरी का इलाज जारी है। पुलिस को परिजनों ने बताया कि आज सुबह सेहरी के समय कई युवक बाहर खड़े थे। उसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वहां से निकली और दोनों को टक्कर मारते हुए तेजी से निकल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं जिसमें तेज रफ्तार टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो दिखाई दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन व चालक की तलाश कर रही है।