- कमला नेहरू महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था कमला नेहरू महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नगर निगम कोरबा आयुक्त आशुतोष पांडेय (आईएएस) मुख्य अतिथि तथा नगर निगम कोरबा सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आयुक्त आशुतोष पांडेय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पुस्तक वह सच्चा मित्र है, जिसे यदि जीवन में थाम लिया जाए तो भविष्य में किसी के सामने झुकने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि वे स्वयं नवोदय विद्यालय के छात्र रहे हैं और कठिन परिस्थितियों में अपनी शिक्षा पूरी की है। जीवन ने उन्हें यह सिखाया कि ज्ञान और शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि केवल पढ़ाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने भीतर ऐसी रुचि और क्षमता विकसित करनी चाहिए कि समाज के बीच अपनी अलग पहचान बन सके। उन्होंने कहा कि कमला नेहरू महाविद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। आयुक्त श्री पांडेय ने आगे कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ आज देश की अग्रणी पंक्ति में खड़ा है और इस उपलब्धि में कमला नेहरू महाविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि विद्या ऐसा खजाना है जिसे जितना खर्च किया जाए, वह उतना ही बढ़ता है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज में विभिन्न भूमिकाओं के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि अधिकतर विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर या प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहते हैं, लेकिन समाज में हर कार्य की अपनी गरिमा होती है। उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे हमारे परिवेश को स्वच्छ रखने का महान कार्य करते हैं और समाज को आगे बढ़ाने में हर वर्ग की भूमिका अहम है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और वंदना के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राजकीय गीत का सामूहिक गायन किया गया। स्वागत-अभिनंदन के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों और महाविद्यालय की प्रगति का विस्तृत विवरण रखा। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, रक्तदान, स्वीप अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, खेल-कूद और अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि आशुतोष पांडेय और विशिष्ट अतिथि नूतन सिंह ठाकुर को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंचासीन अतिथियों में कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. आर.सी. पांडेय, सचिव सुरेंद्र लाम्बा और सहसचिव उमेश लाम्बा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समिति के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आर.एन. पांडेय, पूर्व नगर निगम आयुक्त अशोक शर्मा, अरविंद साहू, पूर्व पार्षद मनीष शर्मा, अदाणी के जनसंपर्क अधिकारी अतुल गुप्ता, पत्रकार रवि पी. सिंह, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। * शिक्षा संकाय के नए कक्ष और विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान आयुक्त आशुतोष पांडेय और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने फीता काटकर महाविद्यालय के शिक्षा संकाय के नवीन कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और 100 कंप्यूटरों से सुसज्जित आधुनिक प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए महाविद्यालय को प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह के दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन समिति के सचिव सुरेंद्र लाम्बा ने किया। 09 मार्च / मित्तल