:: भंवरकुआं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी व दो बाल अपचारियों को दबोचा :: इंदौर (ईएमएस)। भंवरकुआं थाना क्षेत्र के शिवपार्वती नगर में रंग लगाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित बघेल (19) और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक आदित्य पिता जयराम जमरे (20) और आरोपी पालदा क्षेत्र में साथ काम करते थे। बीते 4 मार्च की शाम शिवपार्वती नगर नाले के पास रंग लगाने को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ा कि आरोपी मोहित बघेल और उसके दो साथियों ने आदित्य के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों की शिकायत पर भंवरकुआं पुलिस ने धारा 296(बी), 103(1), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से तीनों आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। थाना प्रभारी भंवरकुआं राजकुमार यादव और उनकी टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।