अलीगढ़ (ईएमएस)। जिले में आबकारी विभाग शेष दुकानों की लॉटरी की तैयारी में जुट गया है। 10 मार्च से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। 17 मार्च तक आवेदन हो सकेंगे। इसके बाद इन सभी आवेदनों की समीक्षा होगी। इसके बाद 20 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी। इस बार शराब की 32 दुकानों का नवीनीकरण होगा। जिले में संचालित कुल 483 दुकानों में से 451 का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नवीनीकरण हो गया है। जिले में शराब की 483 दुकानों का नवीनीकरण का शुल्क जमा करने के बाद लॉटरी की स्थिति स्पष्ट होने के अलावा कंपोजिट की 181 दुकानों में से 170 का नवीनीकरण हो गया है। अब महज 11 दुकानों को ही लॉटरी में शामिल किया जा रहा है। 12 मॉडल शॉप में से महज आठ का ही नवीनीकरण हुआ है। चार मॉडल शॉप लॉटरी में आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा भांग की तीन दुकानें भी इस बार लॉटरी में शामिल हुई हैं। पिछले दिनों नए वित्तीय वर्ष के लिए इन सभी दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसमें सबसे पहले मौजूदा संचालकों को नवीनीकरण का अवसर दिया गया। अब नवीनीकरण में आवेदन से लेकर शुल्क जमा करने तक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आबकारी विभाग के अनुसार जिले में सबसे अधिक 277 दुकानें देशी शराब की हैं। इनमें से 263 दुकानों का नवीनीकरण हो गया। अब महज 14 दुकानों को लॉटरी में शामिल किया जाएगा।