मुम्बई (ईएमएस)। भारत और अफगानिस्तान की टीम जून में तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेलेगी। यह अफगान टीम की भारत के खिलाफ पहली एकदिवसीय सीरीज रहेगी। इसमें भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलते हुए नजर आयेंगे। स प्रकार प्रशंसकों को आईपीएल के बाद एक बार फिर रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारतीय टीम ने अब तक अफगानिस्तान के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में ही एकदिवसीय मुकाबले खेले हैं, पर दोनों देशों के बीच अब तक कोई भी द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज नहीं हुई है। यही कारण है कि जून 2026 में होने वाली ये तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। वहीं इस दौरान एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। न्यू चंडीगढ़ में 6 जून से 10 जून के बीत दोनों टीमें उतरेंगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच ये अब तक का दूसरा टेस्ट मुकाबला होगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच केवल साल 2018 में एक टेस्ट खेला गया था। इस टेस्ट मैच के बाद दोनों के बीच 14 जून से तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज होगी। इसका पहला मैच 14जून को धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 17 जून लखनऊ में और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। इस दौरे से अफगानिस्तान टीम को काफी लाभ होगा क्योंकि उसे भारत जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ खेलने का अवसर मिलेगा। कुछ समय पहले ही अफगान टीम के कप्तान ने कहा था कि वे बड़ी टीमों के खिलाफ अधिक मैच खेलना चाहते हैं। गिरजा/ईएमएस 09मार्च 2026